अहरौला। क्षेत्र के फुलवरिया बाजार में लगातार चरमराई बिजली व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को व्यापारी, किसान और नौजवानों का गुस्सा फूट पड़ा। भारी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मौके पर उच्च अधिकारियों को बुलाने की मांग करते हुए जल्द समस्या समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।
ग्रामीणों और व्यापारियों का आरोप है कि पिछले करीब 15 दिनों से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बदहाल हो गई है। भीषण गर्मी में लोगों को 24 घंटे में मात्र दो से तीन घंटे ही बिजली मिल पा रही है, वह भी लो वोल्टेज में। बिजली संकट के चलते लोगों को पानी, पंखा और मोबाइल चार्जिंग जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमारों की हालत सबसे ज्यादा खराब है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि फुलवरिया बाजार का 100 केवीए ट्रांसफार्मर कई दिनों से खराब पड़ा है, जिससे पूरी बाजार की सप्लाई बाधित है। वहीं बाजार के पास लगा दूसरा ट्रांसफार्मर और केबल भी लगभग 25 दिनों से जला हुआ है। शिकायत के बावजूद विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
लोगों ने आरोप लगाया कि रेड़हा विद्युत उपकेंद्र पर 13 मई से 10 एमबीए का ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है, लेकिन उसे बदलने या मरम्मत की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई। उपभोक्ताओं का कहना है कि विभागीय अधिकारी अपनी लापरवाही छिपाने के लिए जनता को परेशान कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के एसडीओ, जेई और संबंधित कर्मचारियों को तत्काल हटाने की मांग की। साथ ही अधिशासी अभियंता और अधीक्षण अभियंता को मौके पर बुलाने पर अड़े रहे। सूचना मिलने पर रेडहा उपकेंद्र से जुड़े बिजली कर्मी रणधीर सिंह, सुरेंद्र लाइनमैन और पंचम आदि मौके पर पहुंचे और आपूर्ति बहाल करने में जुटे रहे। अधिकारियों से संपर्क कर उपभोक्ताओं को आश्वासन दिया गया कि अगले दिन अधिकारी फुलवरिया पहुंचकर शिकायत सुनेंगे।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि विभाग उपभोक्ताओं से भारी भरकम बिजली बिल वसूल रहा है, जबकि क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति नहीं हो रही। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि हर महीने आठ हजार रुपये तक के बिल आ रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस दौरान मुन्ना सिंह, प्रमोद सिंह, पप्पू मोदनवाल, रविंद्र सोनी, पंकज पाल, संजय तिवारी, गुलफाम अहमद, अतुल अग्रहरि, राकेश गुप्ता आदि उपस्थित थे।
बिजली कटौती को लेकर विधायक ने निकाली पदयात्रा-लालगंज। अघोषित बिजली कटौती को लेकर शुक्रवार को सपा ने विरोध जताया। विधायक बेचई सरोज के साथ कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय पदयात्रा निकाली। इसके बाद एसडीएम औ बिजली निगम के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। विधायक ने कहा कि अघोषित बिजली कटौती से आम जनमानस बेहाल है और सभी फीडरों की आपूर्ति बाधित हो रही है। आरोप लगाया कि विधानसभा लालगंज क्षेत्र में छह घंटे ही बिजली मिल पा रही है। जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो एक सप्ताह में बड़े स्तर पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। अधिशासी अभियंता को पत्रक देकर समस्या के जल्द समाधान की मांग की।
जहां से बिजली आती है वहीं से अधिक कटौती हो रही है। हम लोग की तरफ से अधिक से अधिक बिजली देने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए शासन को भी पत्र भी लिखा गया है। जब तक ट्रांसमिशन से अधिक बिजली नहीं मिलेगी तब तक हम लोग कुछ नहीं कर सकते। महेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता लालगंज।
फुलवरिया बाजार में बिजली आपूर्ति में सुधार को लेकर प्रदर्शन करते व्यापारी और किसान। संवाद