आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आजमगढ़ की ओर से आ रहा एक ऑटो जैसे ही अनवरगंज बाजार पहुंचा, वैसे ही सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उसमें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। वहीं इस हादसे में ऑटो सवार दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान अनुष्का (17 वर्ष) निवासी धरशन और राजू यादव निवासी अखईपुर, थाना कंधरापुर के रूप में हुई है।
घायल यात्रियों में सुरसती देवी और एक युवती शामिल हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति बनी हुई है।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पाकर कंधरापुर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं ट्रैक्टर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।