मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर गांव के पास शनिवार की देर रात पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किनारे बनी सर्विस लेन पर ट्रैक्टर व बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस घटना में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल को उपचार के लिए एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।
नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम मोजरापुर निवासी दीपक (20) पुत्र जयप्रकाश, विजय कुमार (21) पुत्र सुबेदार एक मोटरसाइकिल पर सवार थे। वहीं शुभम (22) पुत्र जयराम दूसरी मोटरसाइकिल पर अकेले था। तीनों साथ ही घर से सठियांव जा रहे थे। वे बम्हौर गांव के अंडर पास से सर्विस लेन पकड़कर जा रहे थे। बम्हौर गांव के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर से दोनों की बाइक टकरा गई। इससे एक बाइक पर सवार दीपक और विजय कुमार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। दूसरी बाइक से अकेला जा रहा शुभम भी घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सीटी शैलेंद्र लाल व थाना प्रभारी निरीक्षक निहार नंदन कुमार भी दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए। घायल शुभम को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं मृत दीपक और विजय कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।