आजमगढ़। कंधरापुर पुलिस व स्वाट टीम ने मुठभेड़ के बाद दो इनामिया समेत तीन अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने में सफलता पाई। तीनों के पास से पुलिस ने तीन तमंचा, कारतूस व मऊ के चिरैयाकोट थाने पर तैनात सिपाही की चोरी हुई बाइक बरामद किया है।
कंधरापुर थाना व स्वाट टीम शनिवार को भंवरनाथ तिराहे पर मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि किशुनदासपुर की तरफ से एक बाइक सवार तीन बदमाश आ रहे है जो असलहे से लैस हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए शहर की तरफ जाने वाले है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने सिलनी नदी पुल के पास घेराबंदी कर लिया। कुछ ही देर बाद एक बाइक सवार तीन युवक आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बाइक पर पीछे बैठे दो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। खुद को बचाते हुए पुलिस ने तीनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाशों में मनीष यादव निवासी खानपुर रघुबरराय थाना सादियाबाद जिला गाजीपुर, अमित विश्वकर्मा निवासी किशुनपुरा रामपुर बलभद्र थाना सादियाबाद जिला गाजीपुर व दीपक शर्मा निवासी गजेन्द्रपुर कहिनौर थाना सरायलखनसी जिला मऊ शामिल है। इनके पास से पुलिस ने तीन तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस तथा मऊ के चिरैयाकोट थाने पर तैनात सिपाही आनंद यादव की चोरी हुई बाइक बरामद किया है। अभियुक्त दीपक व अमित पर एसपी आजमगढ़ द्वारा पूर्व में 25-25 हजार का ईनाम भी घोषित था।