पुलिस सुस्त, पोखरी से निकलकर भागे चोर
- निगरानी के लिए मौके पर तैनात थे दो सिपाही
- दरवाजे के बाहर से बाइक चुराकर भाग रहे थे
अमर उजाला ब्यूरो
जहानागंज। कादीपुर गांव निवासी एक व्यक्ति के दरवाजे के बाहर खड़ी बाइक मंगलवार की रात चुराकर भाग रहे चोरों का पीछा करने पर वे पोखरे में कूद गए। घटना की जानकारी होने पर पुलिस पहुंची और उनकी तलाश में जुटी रही। न मिलने पर दो सिपाही को मौके पर निगरानी के लिए पोखरे के पास लगा दिया गया। बावजूद इसके भोर में चोर पुलिस को चकमा देकर पोखरे से बाहर निकले और फरार हो गए।
जहानागंज थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव निवासी उमाशंकर सिंह ने मंगलवार की रात अपनी बाइक दरवाजे के बाहर खड़ी की थी। रात करीब 11.30 बजे तीन चोर पहुंचे और उमाशंकर की बाइक लेकर भाग गए। मालूम होने पर उमाशंकर का बेटा अरुण दूसरी बाइस से उनका पीछा करने लगा। घर से करीब चार किलोमीटर दूर स्थित कनैला गांव के पास अरुण ने पैर से चोरों की बाइक में धक्का देकर गिरा दिया। बाइक से गिरते ही चोर बगल में स्थित पोखरे में कूद गए। शोर शराबा होने पर गांव के लोग जुट गए। पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में मौके पर डायल 100 और जहानागंज थाने की पुलिस पहुंच गई। गांव वालों के सहयोग से पुलिस चोरों की तलाश में काफी देर तक पोखरे की खाक छानी, कोई सफलता न मिलने पर दो सिपाहियों को रखवाली के लिए लगा दिया गया। जैसे ही भीड़ हटी सिपाही भी नदारद हो गए। इसका फायदा उठाते हुए भोर में चोर पोखरे से निकलकर दूसरी बाइक से भाग गए। जिस समय चोर भाग रहे थे, गांव के लोगों ने उनका फिर से पीछा किया लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। उमाशंकर सिंह ने थाने में तहरीर दी है। सीओ सदर मो. अकमल खां ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है। रिपोर्ट अभी नहीं दर्ज है। मामले की जांच की जा रही है।