आजमगढ़। जिले की तीन ग्रामीण स्टेडियमों की जल्द ही 94 लाख से मरम्मत होगी। इसके लिए शासन से बजट स्वीकृत हो चुका है। बजट से मल्टी परपज हाल, टाॅयलेट, बाउंड्रीवाल, पेंटिंग आदि के कार्य कराए जाएंगे। कार्यदायी संस्था पैक्सफेड काम कराएगी।
गांव की प्रतिभाओं को निखारने के लिए जनपद के लालगंज ब्लॉक के श्रीकांतपुर, पल्हना ब्लॉक के चिउंटहरा और तरवां ब्लॉक के चिल्लूपुर में वर्षों पूर्व ग्रामीण स्टेडियम का निर्माण हुआ था। वर्तमान में स्टेडियम के मल्टी परपज हाल, बाउंड्रीवाल, पेंटिंग खराब हो चुके हैं। कई जगहों पर प्लास्टर भी खराब हो चुका है। इसके कारण यहां खेलने आने वाले खिलाड़ियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। तीनों स्टेडियम के जीर्णोद्धार की मांग काफी पहले से की जा रही है। ग्रामीण प्रतिभाओं के भविष्य को देखते हुए जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग ने तीनों स्टेडियमों की मरम्मत के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था। शासन ने बजट की स्वीकृति प्रदान कर दी है। श्रीकांतपुर व चिउटहरा ग्रामीण स्टेडियम के लिए 26-26 लाख और चिल्लूपुर स्टेडियम के लिए 42 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। शासन की तरफ से स्टेडियमों की मरम्मत की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था पैक्सफेड को दी गई है।
जनपद के लालगंज, पल्हना व तरवां ब्लॉक में स्थित ग्रामीण स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए शासन से 94 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। कार्यदायी संस्था पैक्सफेड बाउंड्रीवाल, मल्टी परपज हाल, पेंटिंग आदि का कार्य जल्द शुरू करेगी।
- सुल्तान सिंह, जिला युवा कल्याण व प्रादेशिक विकास दल अधिकारी।