आजमगढ़। चुनावी वर्ष में ग्रामीण सड़कों को स्वीकृति देने की रफ्तार तेज हो गई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम चरण में शासन ने जिले की तीन ग्रामीण सड़कों के नव निर्माण को मंजूरी दे दी है। अब तक इस वर्ष मुख्य रूप से सड़कों की मरम्मत और विशेष मरम्मत के प्रस्तावों को ही स्वीकृति मिल रही थी, लेकिन अब नए निर्माण कार्यों को भी हरी झंडी मिलने लगी है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार, स्वीकृत सड़कों का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाएगा। इन मार्गों के बन जाने से संबंधित गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी। बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव के कारण जिन रास्तों पर आवागमन बाधित हो जाता था, वहां अब पक्की सड़क बनने से राहत मिलेगी। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। शासन स्तर से बजट उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। बताया जा रहा है कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले कई अन्य सड़कों के प्रस्ताव भी स्वीकृति की कतार में हैं।