जिले में 12 घंटे में सड़क हादसे में सैन्यकर्मी निरंजन यादव सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने सैन्यकर्मी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गाजीपुर जनपद के दुल्हपुर थाना क्षेत्र के ददरा गांव निवासी संजय यादव ने बताया कि उनके भाई निरंजन यादव (34) तीन दिन पहले ही छुट्टी पर घर आए थे। सोमवार को वह बाइक से सिधारी थाना क्षेत्र के मूसेपुर स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान छतवारा टेढ़ी पुलिया के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। परिजन उन्हें इलाज के लिए लखनऊ के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। निरंजन एक पुत्र व एक पुत्री के पिता थे।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। सड़क हादसे में एक ही परिवार के दो की मौत, चार घायल : लालगंज। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कंजहित बाजार में सोमवार की देर रात सड़क हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक व घायल वाराणसी जनपद के रहने वाले हैं।
देवगांव कोतवाल विमल प्रकाश राय ने बताया कि वाराणसी के पांडेयपुर निवासी एक परिवार के छह लोग ऑटो से आजमगढ़ से वापस लौट रहे थे। कंजहित बाजार के पास ऑटो चालक ने ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया गया तभी पीछे से जोरदार टक्कर हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुष्मिता (30) और कल्लू (4) को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल जय साहनी (35), सूखादेवी (65), परी (3) और शीला (27) की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।