16 मृतक अजय के घर रोते बिलखते परिजन और जुटी भीड़। संवाद
बलरामपुर/फूलपुर/सगड़ी। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 24 घंटे के भीतर हुई सड़क दुर्घटनाओं में तीन व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है।
बलरामपुर प्रतिनिधि के अनुसार सुल्तानपुर जिले के अखंडनगर थाना क्षेत्र के गांव कलान निवासी सुषमा (40) की बुधवार दोपहर बाइक से रिश्तेदारी जाते समय कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में मौके पर ही सुषमा की मौत हो गई, जबकि उसके पति और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन के अनुसार, सुषमा अपने पति लालबहादुर (45) और पुत्र आनंद (20) के साथ बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारी के लिए जा रही थी। जैसे ही वह बागभार पवई के पास पहुंचे कि तभी तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
पुलिस घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल िभजवाया। फूलपुर प्रतिनिधि के अनुसार जौनपुर के कुकरही गौराबादशाहपुर निवासी अभिषेक (22) एक सप्ताह पूर्व फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मधुपुर गांव अपने मामा चंद्रभान के घर वैवाहिक कार्यकम में शामिल होने आया था। बुधवार की शाम करीब सात बजे वह बाइक से अपने घर जा रहा था। कनेरी गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचा था कि अनियंत्रित वाहन की चपेट में आ गया। जिससे वह जमीन पर गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोटें आई।
आसपास के लोग उसे फूलपुर प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे जहां, उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। अभिषेक दो भाई एक बहन में सबसे छोटा था। कोतवाल सच्चिदानंद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम में भेज दिया गया है। सगड़ी प्रतिनिधि के अनुसार जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र टड़वा बद्दोपुर निवासी अजय (23) मंगलवार की शाम करीब पांच बजे प्रियांशु नर्सिंग होम जीयनपुर के पास पैदल सड़क पार कर रहा था, इस दौरान बाइक ने धक्का मार दिया। जिससे अजय गंभीर रूप से घायल हो गया।
इलाज के लिए उसे पहले स्थानीय डॉक्टर के यहां दिखाया गया। जहां गंभीर हालत देख डॉक्टर ने रेफर कर दिया। परिजन लछिरामपुर स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराए, जहां इलाज के दौरान बुधवार को देर शाम अजय की मौत हो गई। अजय दो पुत्र व एक पुत्री का पिता था।