आजमगढ़। जिले के दो थाना क्षेत्रों में पुलिस व बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद तीन बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़े। एक मुठभेड़ बिलरियागंज तो दूसरी शहर कोतवाली क्षेत्र में हुई। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के पास से तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद किया है।
बिलरियागंज थाना पुलिस वांछितों की तलाश में गुरुवार को चक्रमण कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीन युवक जगमलपुर मोड़ के आगे सुनसान स्थान पर खड़े है और किसी बड़े आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे है। इस सूचना पर पुलिस जगमलपुर के पास पहुंची तो तीन बाइक पर दो-दो लोग बैठ कर आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो एक बदमाश ने पुलिस पर फायर कर दिया। खुद का बचाव करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर एक बाइक सवार दो युवकों को पकड़ लिया लेकिन दो बाइक सवार चार बदमाश भाग निकले। पकड़े गए बदमाशों में मो. साजिद पुत्र मो. अबुजैश निवासी अंडाखोर टिकरिया थाना बिलरियागंज व मो. यासिन पुत्र कमर अहमद निवासी कामिलगंज थाना बिलरियागंज शामिल रहे। इसके पास से पुलिस ने दो तमंचा, कारतूस व एक बाइक बरामद किया। इसी क्रम में शहर कोतवाली पुलिस ने हर्रा की चुंगी तिराहे पर बुधवार की रात वाहन चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान मुखबिर ने बताया कि पॉलीटेक्निक कालेज के पीछे मजार गेट के पास तीन युवक खड़े है, जो असलहे से लैस है और किसी घटना की योजना बना रहे है। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया और बाइक स्टार्ट कर भागने लगे। इस दौरान एक बदमाश लड़खड़ा कर गिर गया। जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाश ने पूछताछ में अपना नाम हरिओम पुत्र रामकीरत निवासी रामपुर मुबारकपट्टी थाना मुबारकपुर बताया। उसके पास से पुलिस ने तमंचा व कारतूस बरामद किया। वहीं फरार साथियों का नाम उसने प्रदुम्मन यादव निवासी चाड़ीपुर मठिया थाना करंडा जिला गाजीपुर व नदीम निवासी देवापार थाना कोतवाली जीयनपुर बताया।