आजमगढ़। महराजगंज थाना पुलिस ने सोमवार को चेरा कटघरा गांव निवासी एक व्यक्ति के अहाते से छापेमारी कर भारी मात्रा में मिलावटी डीजल पकड़ा। इस दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने में भी सफल रही। एसओ महराजगंज गजानंद चौबे ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत आचार संहिता के अनुपालन को लेकर वे फोर्स के साथ चक्रमण पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चेरा कटघरा गांव निवासी प्रदीप विश्वकर्मा अपने अहाते में भारी मात्रा में डीजल एकत्र कर रखा है और यहां वह डीजल में मिलावट कर उसकी सप्लाई करता है। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मौके पर ड्रमों में भर कर रखे साढ़े तीन सौ लीटर मिलावटी डीजल बरामद हुआ। इसके साथ ही पुलिस ने मौके से तीन अदद कुप्पी, एक अदद पाइप, एक लीटर का नपना आदि भी बरामद किया। मौके से पुलिस ने प्रदीप विश्वकर्मा को पकड़ लिया और उससे इतनी ज्यादा मात्रा में डीजल रखने का अनुबंध पत्र मांगा लेकिन वह नहीं उपलब्ध करा सका। एसओ ने बताया कि बरामद सामग्री को ई सी एक्ट के अंर्तगत अभियोग पंजीकृत करने के लिए रिपोर्ट प्रेषित कर दी गई है।