आजमगढ़। पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद विकास कार्यों पर रोक लगा दी गई थी। इसके बावजूद ग्राम पंचायतों में पौने तीन करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए हैं। भाजपा नेता की शिकायत पर मंडलायुक्त ने खर्च का विवरण तलब किया है।
जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अधिसूचना 26 मार्च को जारी हुई थी। उसके बाद विकास कार्यों पर रोक लगा दी गई। अप्रैल माह में कोरोना को देखते हुए कर्मचारियों को गांवों को सैनिटाइजेशन में लगा दिया गया। इसके चलते ग्राम पंचायतों चल रहे काम भी रुक गए। दो मई को पंचायत चुनाव की मतगणना हुई। इसके बाद भी कोरोना के संक्रमण के चलते काम बंद रहे। रिक्त सीटों पर उपचुनाव के बाद गांवों में विकास कार्य शुरू हुए। हालांकि जिला पंचायतों ने अप्रैल से जून के बीच 273.413 लाख रुपये का भुगतान विभिन्न फर्मो को कर दिया। इस बात की शिकायत भाजपा नेता सहजानंद राय ने मंडलायुक्त से की तो उन्होेंने विभाग से खर्च की गई धनराशि का विवरण तलब किया है।
किसने किया कितना खर्च
मार्टीनगंज, अजमतगढ़ और ठेकमा में सबसे ज्यादा भुगतान किया गया है। अहरौला में 1.341 लाख, अतरौलिया में 4.977, अजमतगढ़ में 39.035, बिलरियागंज में 17.091, हरैया में 14.01, जहानागंज में 23.463, कोयलसा में 98.5 हजार, लालगंज में 9.617 लाख, महराजगंज में 1.945, मार्टीनगंज में 33.276, मेंहनगर में 4.547, मिर्जापुर में 5.01, मुहम्मदपुर में 0.998, पल्हना में 13.881, पल्हनी में 2.817, पवई में 12.268, फूलपुर में 5.46, रानी की सराय में 11.781, सठियांव में 17.181, तहबरपुर में 13.447, तरवां में 8.914 और ठेकमा विकास खंड में 30.869 लाख रुपये का भुगतान किया गया है।
भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री की शिकायत पर ग्राम पंचायतों में हुए भुगतान की रिपोर्ट तलब की गई है। जिन विकास खंडों में सबसे अधिक धनराशि का भुगतान किया गया है, उनकी कमेटी का गठन कर जांच कराई जाएगी। - वीवी पंत, मंडलायुक्त।