आजमगढ़। बरदह, जीयनपुर और फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को तीन मुठभेड़ में पुलिस ने 25-25 हजार रुपये के दो इनामी समेत चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान शिवम उर्फ पग्गू यादव व फकरे आलम उर्फ फकरू और हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद इब्राहिम पैर में गोली लगने से घायल हो गए। एक बदमाश अंबेडकर नगर निवासी अनीस को भागते समय पकड़ा गया। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि पहली घटना बरदह थाना क्षेत्र की है। 10 अक्तूबर को दुर्गापुर पुलिया पर जनसेवा केंद्र संचालक के साथ 92 हजार की लूट हुई थी।
लूट में शामिल 25 हजार के इनामी बदमाश शिवम उर्फ पग्गू यादव को पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन, बिना नंबर की मोटरसाइकिल और नकदी बरामद हुई। आरोपी ने अपने पांच साथियों के साथ वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
दूसरी मुठभेड़ जीयनपुर थाना क्षेत्र में हुई। यहां हिस्ट्रीशीटर एवं 25 के इनामी बदमाश फकरे आलम उर्फ फकरू ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। जबकि उसका साथी भाग गया। आरोपी के विरुद्ध आजमगढ़, जौनपुर और अन्य जनपदों में गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस, चोरी और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में 16 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके पास से तमंचा, कारतूस, नकदी और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई।
फूलपुर कोतवाली पुलिस को बृहस्पतिवार की रात सूचना मिली कि खानजहांपुर स्थित श्रीपति यादव इंटर कॉलेज के पास बिना नंबर की पिकअप में पशु लादकर बिहार ले जाने की तैयारी है। सूचना पर पुलिस पहुंची और इस दौरान मुठभेड़ में बदमाश मोहम्मद इब्राहिम घायल हो गया। उसे पकड़ लिया गया। जबकि बदमाश अंबेडकर नगर निवासी अनीस को भागते समय पकड़ा गया। घायल बदमाश मोहम्मद इब्राहिम के विरुद्ध आजमगढ़, सुल्तानपुर व अन्य जनपदों में 26 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। अनीस के खिलाफ आजमगढ़ में तीन मुकदमे दर्ज हैं। घटना स्थल से मवेशी, दो तमंचे, तीन कारतूस, बिना नंबर की पिकअप, मोबाइल, नकदी व नायलॉन की रस्सियां बरामद की गईं।
06 फूलपुर कोतवाली में पशुतस्कर व पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में घायल बदमाश। संवाद