रानी की सराय थाने की पुलिस ने वाहन चोरी के आरोप में गिरफ्तार आरोपी। श्रोत-पुलिस
आजमगढ़। रानी की सराय पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की चार बाइकें, तीन मोबाइल फोन, एक तमंचा, दो कारतूस और नकदी बरामद हुआ है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को रानी की सराय क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रहे थे। सेमरहा अंडरपास के पास तीन युवक बाइक से आ रहे थे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वे भागने लगे। पुलिस ने दो बाइक पर सवार तीन युवकों को पकड़ लिया। वहीं, उनके कुछ साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। गिरफ्तार आरोपी रानी की सराय निवासी निहाल, बरदह थाना क्षेत्र के गोसढ़ी गोठांव निवासी सनी उर्फ सचिन और अंधौरी निवासी सौरभ यादव हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सनी उर्फ सचिन और सौरभ यादव के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।