आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र से हरियाणा भेजे गए लगभग 70 लाख रुपये मूल्य के चावल की हेराफेरी करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी दिनेश कुमार निवासी सुल्तानपुर जिले के अखंडनगर थाना क्षेत्र के पारा बासूपुर को फुलवरिया अंडरपास से गिरफ्तार किया है। एसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि जांच में सामने आया है कि ट्रांसपोर्टर और उसके साथियों ने ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर माल हरियाणा में बेच दिया था। रकम आपस में बांट ली थी।
विज्ञापन
अहरौला थाना प्रभारी मंतोष सिंह ने बताया कि क्षेत्र के मतलूबपुर निवासी जितेंद्र कुमार ने 11 जुलाई 2025 को तहरीर देकर बताया था कि उनकी फर्म जय हनुमान ट्रेडर्स से 18 जून 2025 को 253.20 क्विंटल चावल हरियाणा भेजने के लिए ट्रक में लोड कराया गया था। निर्धारित स्थान पर माल नहीं पहुंचने पर ट्रांसपोर्टर से संपर्क किया गया, लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा और बाद में धमकी देने लगा। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मामला धोखाधड़ी, गबन का मिला। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने सहयोगियों मोहन लाल और हवा सिंह के साथ मिलकर ट्रक पर कूटरचित नंबर प्लेट लगाई थी। इसके बाद ट्रक पर लदे चावल को हरियाणा में बेच दिया। थाना प्रभारी मंतोष सिंह ने बताया कि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और धनराशि के उपयोग की भी जांच की जा रही है।