थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला से इंस्टाग्राम पर दोस्ती करने वाले युवक ने उसे 50 हजार रुपये न देने और शादी न करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। आरोपी आजमगढ़ का रहने वाला भोला कुमार है। लॉकडाउन के दौरान उसने महिला से दोस्ती की थी और इसके बाद विश्वास में लेकर उससे 40 हजार रुपये भी ठग लिए थे। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
इस महिला ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2020 में कोरोना काल में इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती आजमगढ़ जिले के भजनिया निवासी भोला कुमार से हुई थी। उसने खुद को फौजी बताया था। जब भी वीडियो कॉल होती वह फौजी की वर्दी में दिखाई देता था। महिला का आरोप है कि वह अश्लील चैट भी करता था। उससे कहा कि अगर वह पति को तलाक दे देगी तो वह उससे शादी कर लेगा। महिला के अनुसार वह कॉल डिटेल और चैट तुरंत डिलीट करा देता था। दिसंबर-2022 में उसने कहा कि उसे अपना इलाज कराने के लिए 20 हजार रुपये की जरूरत है। वह जल्द लौटा देगा। वह गांव में आकर रुपये ले गया। वहीं, दिसंबर 2023 में फिर से उसने विश्वास में लेकर महिला से 20 हजार रुपये ले लिए।
घर पर रुपये गायब होने पर पति को शक हुआ तो उसने पूछताछ की, तब पूरा मामला खुला। आरोपी युवक अब भी महिला और उसके परिवार को परेशान कर रहा है। वह 50 हजार रुपये की मांग कर रहा है और जबरन शादी करने की बात करता है। इससे इन्कार करने पर पति और बच्चों को मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपी भोला कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।