आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के दुबरा बाजार में शनिवार की रात चोर तीन दुकानों से हजारों रुपये नकद व कीमती सामान उठा से गए। रविवार को सुबह घटना की जानकारी होने पर दुबरा बाजार के व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया। चोरी के घटना की जानकारी होते ही बरदह थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पीड़ित व्यापारियों ने घटना के बाबत पुलिस को तहरीर दी है।
चोरों ने सबसे पहले सराफा कारोबारी विजय सेठ के आभूषण की दुकान पर धावा बोला। पहले दुकान के पिछले हिस्से में स्थित दरवाजे को तोड़ने का प्रयास हुआ। सफल न होने पर चोरों ने आगे शटर में बंद ताला तोड़ कर अंदर घुसे और आरी से तिजोरी को काट कर उसमें रखे छह हजार रुपये नकद के साथ ही करीब तीस हजार मूल्य के जेवरात उठा ले गए। इसके बाद चोर प्रवीण के वाहनों की धुलाई व सर्विस सेंटर पर धावा बोला और यहां से मोटर, जग, रिंच आदि सामान उठा ले गए। इसके बाद चोर सराफा कारोबारी संजय कुमार के दुकान पर पहुंचे। चोर सीढ़ी से दुकान की छत पर चढ़ गए और सेंध काट कर अंदर उतरने का प्रयास किया, लेकिन पड़ोसियों के जग जाने के चलते चोर यहां चोरी करने में सफल नहीं हो सके। सुबह घटना की जानकारी होने पर दुबरा बाजार के व्यापारी आक्रोशित हो उठे। पीड़ित दुकानदारों की सूचना पर बरदह पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। वहीं, पीड़ित दुकानदारों ने इस बाबत तहरीर भी पुलिस को दी है।