अहरौला। कप्तानगंज थाना अंतर्गत गोपालगंज बाजार में मंगलवार की रात चोरों ने एक व्यक्ति के मकान में घुस कर लाखों का माल पार कर दिया। बुधवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर बाजारवासी आक्रोशित हो उठे और बाजार में चक्काजाम कर दिया। सीओ के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए और जांच पड़ताल शुरू कर दिया।
गोपालगंज बाजार निवासी शेरे आलम का दो मंजिला मकान है। नीचे वह सौदर्य प्रसाधन की दुकान खोल रखा है। ऊपरी तल में वह परिवार के साथ रहता है। मंगलवार की रात वह परिजनों के साथ नीचले तल में ही सो रहा था। अज्ञात चोर दूसरे तल पर चढ़ गए और कमरों में बंद ताला को तोड़ कर लाखों के गहने व नकदी चुरा ले गए। सुबह परिजन जब उपरी तल पर गए तो घटना की जानकारी हुई। इसके बाद बाजारवासियों को भी सूचना मिली तो पांच दिनों के अंदर ही चोरी की दूसरी घटना से वे पुन: आक्रोशित हो उठे। बाजार वासी सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर सीओ महेंद्र शुक्ला पुन: मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझा कर शांत कराया। वहीं घटना के बाबत पीडित ने थाने पर तहरीर दे दी है। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है और दुकानदार को ही थाने पर बुला कर पूछताछ में जुटी हुई है।