आजमगढ़। जिले के ग्रामीण अंचलों में मंगलवार की भोर में छठ महापर्व की आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाटों, पोखरों और नदियों के किनारे लाखों व्रती महिलाएं तथा श्रद्धालु जुटे रहे। परंपरागत गीतों की गूंज और ढोल-तासे की थाप के बीच व्रती महिलाओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित निर्जला उपवास का पारण किया।
सूर्योदय के समय श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर से परिवार की सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की। घाटों पर सुरक्षा और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम प्रशासन की ओर से किए गए थे। ग्रामीण इलाकों के साथ-साथ नगर क्षेत्रों में भी श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।
रानी की सराय : मंगलवार की भोर में व्रती महिलाओं का रेला अवंतिकापुरी, रानी की पोखरा, दिलौरी सहित अन्य स्थानों पर स्थित पोखरों, सरोवरों और तालाबों में व्रती महिलाएं पानी में सूर्य की उपासना करती रहीं और भगवान भाष्कर का दर्शन होते ही अर्घ्य दिया। पुत्र की दीर्घायु और परिवार की मंगलकामना की।
बिंद्राबाजार: गंभीरपुर, रानीपुर रजमो, बेलऊ, कलंदरपुर आदि घाटों पर व्रती महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर व्रत का पारण किया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीरपुर पुलिस क्षेत्र के सभी घाटों पर तैनात रही। अहरौला: दुर्वासा धाम के तमसा-मंजूसा संगम तट पर, बस्ती भुजबल के प्राचीन शिव मंदिर पोखरे पर, श्री श्री 1008 ब्रह्मलीन संत मौनी बाबा के आश्रम गहजी में व्रती महिलाएं भोर में मंगल गीत गाते हुए घाट पर पहुंची और पानी में खड़े रहकर सूर्य के उगने का इंतजार करती रही। पूजन अर्चन किया और आशीर्वाद मांगा। देवगांव: क्षेत्र के सिकरौरा, तिरौली, बहादुरपुर सहित आस-पास के गांवों में मंगलवार की भोर में उदीयमान सूर्य को व्रती महिलाओं ने अर्घ्य अर्पित किया।
सरायमीर : क्षेत्र स्थित तालाब नदी और पोखरों पर व्रती महिलाओं ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत का समापन किया। कई स्थानों पर जल में ही छठी मइया की प्रतिमा स्थापित की गई थी। पूरे क्षेत्र में मेला जैसा दृश्य रहा और श्रद्धालुओं की सेवा में स्वयंसेवक चाय-पानी की व्यवस्था करते नजर आए। फूलपुर: डाला छठ पर निर्जला व्रत का संकल्प लेकर तपस्या में लीन महिलाओं ने भगवान भाष्कर को अर्घ्य दिया और मन्नतें मांगी।
एसपी ने भोर पहुंचकर किया घाटों का निरीक्षण
छठ महापर्व को सकुशल संपन्न कराने की तैयारियों में प्रशासन कई दिनों से जुटा हुआ था। पुरुष के साथ ही घाटों पर महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। सोमवार की शाम को जहां व्रत धारियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया वहीं मंगलवार की भोर से ही घाटों पर फिर से उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए उनकी भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एसपी स्वयं निकल पड़े। उन्होंने शहर क्षेत्र के लगभग हर घाट पर पहुंचकर सुरक्षा का जायजा लिया।
नगर पंचायत अध्यक्ष एवं स्वास्थ्य टीम रही मौजूद
सगड़ी। तहसील क्षेत्र के जीयनपुर स्थित कोइरिया पोखरा और बेरमा के पास नदी के किनारे गोताखोर लगाए गए थे। ताकि किसी भी अनहोनी से लोगों को बचाया जा सके। गत वर्ष जीयनपुर स्थित कोइरिया पोखरा और बेरमा गांव के पास नदी में डूबने से 2 लोगों की मौत हो गई थी। जिसको मद्देनजर रखते हुए तहसील प्रशासन और पुलिस प्रशासन सतर्क नजर आया। जीयनपुर में कोइरिया पोखरे के चारों तरफ रस्सी के सहारे बैरिकेडिंग की गई थी, ताकि कोई गहरे पानी में न जा सके। साथ ही बार-बार लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को अलाउंस कर चेतावनी दी जा रही थी कि आप लोग गहरे पानी में जाने का प्रयास न करें और पोखरे में न नहाएं। नगर पंचायत अध्यक्ष पुरुषोत्तम यादव, पूर्व चेयरमैन नंदलाल यादव, रामा मौर्य, मुन्ना यादव , सतीश सोनकर के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
नवनिर्माण हिंदू रक्षक फाउंडेशन ने छठव्रतियों में बांटा प्रसाद
सरायमीर। नवनिर्माण हिंदू रक्षक फाउंडेशन के जिला मंत्री सुनील गौड़ के नेतृत्व में छठ पूजा के शुभ अवसर पर सरायमीर क्षेत्र, शाहपुर रोड़, कादन पट्टी पोखरा पर भगवान सूर्यदेव को सुबह का अर्घ्य अर्पित करने पहुंचे छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए पेठा मिठाई, इलाइची दाना, बिस्किट प्रसाद का वितरण किया गया। इस मौके पर फाउंडेशन के जिला महामंत्री राजकुमार सोनी, जिला उपाध्यक्ष महेन्द्र सिंह, जिला मंत्री दिलीप सैनी, सदस्य कमलेश प्रजापति, श्री कृष्ण आदि उपस्थित थे।
18 जीयनपुर स्थित कोइरिया पोखरा पर डाला छठ उगते सूर्य को अर्ध्य देती एवं पूजा अर्चन करती महिलाएं