दी किसान सहकारी चीनी मिल सठियांव में चल रहे कार्यो का निरीक्षण बुधवार को प्रबंध निदेशक चीनी मिल संघ लखनऊ डा. बीके यादव ने किया।
निरीक्षण में मानक के विपरीत बनी सीढिय़ों व प्लास्टर को देखकर उन्होंने फटकार लगाई। चेतावनी दी कि गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बाद में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की।
निरीक्षण के दौरान डा. बीके यादव ने कहा कि एक से दस मार्च के बीच पेराई कार्य शुरु कराने की सरकार की मंशा है। इस कारण 28 फरवरी तक सभी कार्यो को पूर्ण कर लिया जाए।
कहा कि कार्य को महत्व दिया जाए क्योंकि यह प्रोजेक्ट सांसद मुलायम सिंह यादव का है और इसे प्राथमिकता में रखा गया है।
उन्होंने चीनी मिल कर्मचारी, अधिकारी और कार्यदायी संस्था इसजेक के अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही और मानक व गुणवत्ता की अनदेखी न हो।
इस दौरान उन्होंने मानक के विपरीत बनी सीढिय़ों व प्लास्टर को देखकर संबंधित कर्मचारी को फटकार लगाई। इसे तत्काल सही करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के बाद चीनी मिल के मीटिंग हाल में समीक्षा बैठक की। कहा कि गन्ना किसानों से बराबर संपर्क बनाए रखें और बावक गन्ना काश्तकार रोक कर रखें।
मार्च माह के पहले सप्ताह में चीनी मिल में पेराई प्रारंभ हो जाएगी और गन्ना काश्तकारों को उनके गन्ना का उचित मूल्य दिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य गन्ना विकास सलाहकार डा. आरसी पाठक, डा. सुल्तान अहमद, एमके कुलश्रेष्ठ, एनके यादव, जसवीर सिंह, डा. जेपी सिंह, योगेश मलिक, एएस पोरस, बीके शेट्टी, बीपी पांडेय, बीके सिंह आदि मौजूद रहे।