आजमगढ़। जिले में गेहूं खरीद के लिए विभिन्न एजेंसियों के 79 क्रय केंद्र खोले गए हैं लेकिन पहले दिन किसी भी केंद्र पर गेहूं की खरीद नहीं हुई। वहीं, क्रय केंद्र जहानागंज पहले ही बंद था। इसके कारण पंजीकरण कराने आने वाले किसानों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद एक मार्च से ही शुरू होने वाली थी, लेकिन शासन ने इसे स्थगित कर दिया था। इसके बाद 17 मार्च से गेहूं खरीद की नई तिथि घोषित की गई। जिले में खाद्य, पीसीएफ और एफसीआई के 79 क्रय केंद्र खोले गए हैं। इन केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक कांटा, डस्टर, झरना, बोरा आदि की व्यवस्था कर ली गई है। वहीं देखा जाय तो क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचने के लिए 7250 किसानों ने पंजीकरण कराया है। इसमें से लगभग दो हजार किसानों का तहसील स्तर से सत्यापन भी हो चुका है। सोमवार को गेंहू खरीद का पहला दिन था लेकिन फसल तैयार न होने से किसी भी क्रय केंद्र पर गेहूं की खरीद नहीं हुई। अधिकारी क्रय केंद्रों का दौरा करते रहे। गेहूं क्रय केंद्र जहानागंज पहले ही दिन बंद था। इसके कारण पंजीकरण कराने आने वाले किसानों को निराश लौटना पड़ा। डिप्टी आरएमओ अंशुमाली शंकर ने क्रय केंद्र ठेकमा, मोहम्मदपुर, पल्हनी, रानी की सराय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
00
अभी फसल तैयार नहीं है लेकिन गेहूं के खरीद की तैयारी पूरी है। सभी क्रय केंद्र खुल गए हैं। केंद्रों पर किसानों का पंजीकरण कराया जा रहा है। जहानागंज क्रय केंद्र प्रभारी को बड़हलगंज का भी चार्ज है, हो सकता है कि यहां से होकर वह फिर बड़हलगंज गए होंगे।
- अंशुमाली शंकर, जिला खाद्य विपणन अधिकारी।