पवई में देर शाम बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। जनपद में विगत कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से शनिवार की शाम को राहत मिली। दोपहर बाद आसमान में काले बादलों ने डेरा डाला और शाम होते होते कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश शुरू हो गई। पवई क्षेत्र में 15 मिनट तक ओलावृष्टि की भी सूचना मिली है। इस बारिश के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। जनपद के कई क्षेत्रों में बारिश के साथ ओले पड़ने की भी सूचना मिली। गर्मी ने विगत कई दिनों से लोगों को परेशान कर रखा था। सुबह के 10 बजते ही सड़कों पर चलना दूभर हो जा रहा है। सूर्य की किरणें आग बरसा रही थी। जनपद का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था। बहुत से किसानों ने धान की नर्सरी डाल रखी थी। गर्मी और तीखी धूप के कारण उन्हें अपनी धान की नर्सरी केे बचाने की चुनौती खड़ी हो गई थी। किसान प्रतिदिन नर्सरी में पानी चला रहा था। लेकिन आखिरकार ऊपर वाले को लोगों को रहम आ ही गया और शनिवार की शाम को आसमान से झमाझम बारिश हुई। बिंद्राबाजार प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। रानी की सराय में भी बारिश हुई। लोगों ने विगत कई दिनों से पड़ रही गर्मी और उमस से राहत महसूस की। सड़क में बने गड्ढ़ों में पानी भरने से लोगों का मार्ग पर पैदल चलना दूभर हो गया। पवई प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में शनिवार की शाम बारिश के साथ ओले भी पड़े। तेज हवा के कारण कई लोगों के टिनशेड उड़ गए और सड़कों पर पानी भर गया। लेकिन बारिश और ओले पड़ने से मौसम खुशगवार हो गया लोगों ने गर्मी और उमस से राहत महसूस की।