निजामाबाद। निजामाबाद नई सड़क से मां शीतला मंदिर जाने वाले मार्ग पर शुक्रवार को सब्जी मंडी के पास जाम के कारण लोग घंटों फंसे रहे। काफी देर बाद किसी तरह जाम खुला तो लोगों ने राहत की सांस ली।
बताते चलें कि उक्त मार्ग पर जूनियर हाईस्कूल और हरी सब्जी मंडी अगल-बगल है। सब्जी मंडी के कारण सब्जी लेकर आने वाले वाहन सड़क पर ही गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। इसी मार्ग से लोग आस्था के केंद्र मां शीतला धाम पर दर्शन-पूजन को जाते हैं। प्रत्येक शुक्रवार को मां के धाम पर पूजन-अर्चन को लोगों की भीड़ उमड़ती है। आज भी काफी संख्या में भक्त मंदिर जाने के लिए अपने-अपने वाहनों से आए थे। लेकिन मंडी के बाहर सड़क पर गाड़ियों के खड़ा रहने से जाम लग गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह प्रतिदिन की स्थिति है। लेकिन आज शुक्रवार होने के कारण भीड़ कुछ ज्यादा हो गई। इस कारण जाम लंबा हो गया। क्षेत्र के संजय सोनी, संतोष सोनी, बबलू जायसवाल, प्रमोद, प्रमोद मौर्या, पंकज माली, संजय यादव, बैजनाथ, राजेश, नंदू यादव आदि ने बताया कि सोमवार और शुक्रवार को अगर प्रशासन रूट डायवर्जन कर दें तो मंदिर आने-जाने में लोगों को परेशानी नहीं होगी और न ही जाम लगेगा।