निजामाबाद में चोरी के बाद आम के बाग में बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। जिले में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पुलिस महकमे की कवायद सिर्फ मुकदमा दर्ज करने तक सीमित होकर रह गई है। मंगलवार की रात चोरों ने रौनापार थाना क्षेत्र में एक घर से व सरायमीर थाना क्षेत्र में दो घरों से हजारों की नकदी के साथ ही लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। लाटघाट संवाददाता के अनुसार रौनापार थाना क्षेत्र के देवरिया चांदपट्टी गांव निवासी भीमसेन पुत्र गणेश राम के घर में चोर घर के पीछे से बांस की सीढ़ी लगा कर छत पर चढ़े और फिर आंगन में उतर आए। इसके बाद चोरों ने दो कमरों का ताला तोड़ कर 65 हजार नकद व लगभग तीन लाख के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। निजामाबाद/रौनापार संवाददाता के अनुसार सरायमीर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी सब्जी विक्रेता शिवआश्रय पुत्र फिरतू यादव के मकान में चोर छत के रास्ते से घुसे और नकदी, जेवरात व अन्य सामानों समेत लगभग डेढ़ लाख के माल पर हाथ साफ कर दिया। वहीं गांव के ही रामबचन यादव पुत्र स्व. मुंशी यादव के घर से चोर लगभग 50 हजार का सामान समेट ले गए है। दोनों मकान अगल-बगल ही स्थित है। घटना के बाबत पीड़ित परिवारों ने थाने पर तहरीर दे दी है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि पास में स्थित खपड़ा बाजार में भी चोरी की कई घटनाएं हुई है। जिसका खुलासा अब तक पुलिस नहीं कर सकी है। लोगों में चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर आक्रोश देखने को मिल रहा है।