जिले में चार चरणों में हुए मतदान के बाद रविवार को प्रत्याशियों के भाग्य एक एक करे खुलते रहे। रात दस बजे तक बीडीसी और जिला पंचायत प्रत्याशियों के सिर जीत का सेहरा बंधता रहा। पंचायत चुनाव में जनपद के 22 ब्लाकों की 2145 क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत सदस्य पर की 86 सीटों की मतगणना सभी ब्लाक क्षेत्रों में बनाए गए बूथों पर शुरू हुई। 20 ब्लाकों में 55 सीटों पर बीडीसी प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए।
बीडीसी प्रत्याशियों के परिणाम समय से आने लगे मगर जिला पंचायत 86 पदों के रूझान रात नौ बजे के बाद आने शुरू हुए। वहीं कई दिग्गजों को इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा जबकि कप्तानगंज सीट से सपा के सीनियर नेताओं के भीतरघात के चलते कई प्रत्याशियों के समीकरण बनते और बिगड़ते रहे।
हाफिजपुर सीट से परिवहन मंत्री रहे दुर्गा यादव के भतीजे प्रमोद यादव चुनाव जीत गए। प्रमोद और उनके समर्थकों ने आचार संहिता की जमकर धज्जियां उड़ाई। मतगणना स्थल में जमकर नारेबाजी की गई बल्कि हार पहनाकर जुलूस निकाला गया।
प्रशासन चुपचाप सब कुछ देखता रहा। मार्टीनगंज के वर्तमान प्रमुख राजेश सिंह को हार का सामना करना पड़ा। वहीं एहतियातन कमिश्रर, डीआईजी, डीएम और एसपी लगातार क्षेत्र में चक्रमण करते रहे। रविवार को मतपेटी खुलने के बाद वोटों की गिनती शुरू हुई। रात नौ बजे तक की गई मतगणना मे सबसे ज्यादा कांटे की टक्कर महराज ब्लाक की कप्तानगंज जिला पंचायत सीट पर देखने को मिली।
यहां रात दस बजे के बाद अचानक हवलदार यादव बढ़त बनाने लगे। बूढऩपुर ब्लाक की ऊसरकुढ़वा सीट से चुनाव लड़ रही जिला पंचायत अध्यक्ष रहीं मीरा यादव अपने निकटमत प्रतिद्वंदी राधेश्याम वर्मा से बढ़त बनाए रही। पल्हनी ब्लाक हाफिजपुर जिला पंचायत सीट से पूर्व परिवहन मंत्री के भतीजे प्रमोद यादव चुनाव जीत गए। वोटिंग के दौरान प्रमोद यादव पर फर्जी वोटिंग कराने की शिकायत की गई थी।
जाफरपुर सीट से शिमला यादव, पल्हना ब्लाक के धरनीपुर रानीपुर से रीना सिंह के सिर जीत का सेहरा बंधा। ठेकमा से संध्या सिंह पत्नी मुन्ना सिंह ने शीबा खान को पराजित किया। बरदा से चंद्रेजराम, सरायमोहन से यशवंत सिंह शिब्ली चुनाव जीत गए। मेहनगर ब्लाक की गौरा सीट जिपं सीट से बेचन यादव ने निवर्तमान जिपं सदस्य शिवधारी यादव को 606 मत शिकस्त दी।
अराजीअमानी सीट से पूर्व जिला पंचायत सदस्य शीला यादव जीत बहादुर यादव से पीछे चल रही थीं। तरवां ब्लाक के रासेपुर सीट से रामकुंवर यादव, अजमतगढ़ ब्लाक के महुला सीट से शिवचंद पटेल, मेंहनगर ब्लाक के कंहरिया सीट से राजेश सिंह और ठेकमा ब्लाक की गोमाडीह सीट से संजय यादव चुनाव जीत गए।
कोयलसा ब्लाक के भीलमपुर छपरा सीट से ललित कुमार, सठियांव ब्लाक के बम्हौर सीट से मंजूलता, समेंदा से रेशमी चौहान, मुहम्मदपुर ब्लाक के रानीपुर रजमो से मीना सरोज, आवंक से तेज बहादुर यादव, मंगरावा रायपुर से हाकिम चुनाव जीत गए। पल्हना ब्लाक के लहुंवा कला सीट से किरन सिंह, अतरौलिया ब्लाक के तेजापुर सीट से शीतला निषाद चुनाव जीते।