एक दिन बढ़ने के बाद फिर से घाघरा के जलस्तर में बुधवार को घटोतरी दर्ज की गई। जलस्तर घटने से ग्रामीणों ने जहां राहत की सांस ली है वहीं, कटान तेज होने से देवारावासी दहशत में हैं। प्रशिक्षु आईएएस अरविंद चौहान ने बुधवार को बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया और ग्रामीणों की समस्या सुनी।
घाघरा के जलस्तर में बुधवार को कमी हुई। जलस्तर में कमी होने के साथ कटान तेज हो गई है। क्षेत्र के चक्की हाजीपुर और हाजीपुर के चार घर बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं। हाजीपुर से चक्कीहाजीपुर, शाहडीह से बाका बूढ़नपट्टी, नैनीजोर से देवारा खास राजा, मानिकपुर से अभ्भनपट्टी, खरैलिया ढ़ाला से सोनौरा गांव का संपर्क मार्ग पानी में डूबने के कारण ग्रामीणों का आवागमन बाधित है।
देवारा खास राजा, बगहवा, बाकाबुढन पट्टी, चक्की, अभ्भनपट्टी, सोनौरा, झझनपुर सहित 15 गावों के संपर्क मार्ग पानी में डूबे हुए हैं। बाढ़ के पानी से होकर लोगों को पशुओं के लिए चारा लाना पड़ता है। बारिश होने के कारण लकड़ी गीली होने से घरेलू महिलाओं को भोजन बनाने के लिए लकड़ी की समस्या हो रही है क्योंकि किरोसिन का तेल भी अभी बाढ़ पीड़ितों के लिए नहीं बांटा गया है। नाव की कमी के कारण बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं।
बाढ़ चौकी दाममहुला, गांगेपुर, हाजीपुर, जमुवारी, हैदराबाद, कुड़ही सहित कुल दस बाढ़ चौकी संचालित है। बाढ़ चौकियों से पशु चिकित्सक के अलावा अन्य विभागों के कर्मचारी नदारद हैं।
बाढ़ चौकियों से लापता कर्मचारियों को चेतावनी : लाटघाट। प्रशिक्षु आईएएस अरिंवद चौहान ने बुधवार को महुला-गढ़वल बांध का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्या सुनी और बाढ़ चौकियों से नदारद कर्मचारियों को चेतावनी दी कि वह बाढ़ चौकियों पर उपस्थित रहें। बाढ़ के पानी से घिरे चक्की हाजीपुर गांव में पहुंचे प्रशिक्षु आईएएस से लोगों कोटेदार की शिकायत की और भदौरा से चक्की हाजीपुर तक मार्ग को चौड़ा और ऊंचा करने की मांग की। इस पर उन्होंने कोटेदारों की जांच कराने और रास्ते के लिए विभाग से बात करने का आश्वासन दिया।
डिघिया में छह और बदरहुंआ में चार सेमी घटा जलस्तर : लाटघाट। मंगलवार की शाम चार बजे नदी का जलस्तर डिघिया गेज पर 70.92 मीटर और बदरहुंआ गेज पर 71.76 मीटर रिकार्ड किया गया था। वहीं बुधवार की शाम चार बजे नदी का जलस्तर घटकर डिघिया गेज पर 70.86 मीटर और बदरहुंआ गेज पर 71.72 मीटर रिकार्ड किया गया।