आजमगढ़। माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के अंकपत्र डीआईओएस कार्यालय में पहुंच गए हैं। अब इन्हें विद्यालयों में पहुंचाना शुरू कर दिया गया है। अब विद्यार्थियों को अंकपत्र के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। यूपी बोर्ड का रिजल्ट 25 अप्रैल काे आया था।
इस बार हाईस्कूल में कुल 86038 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इसमें बालक 45089 व 40949 बालिका शामिल थे।
इसमें से 40403 बालक और 38464 बालिकाओं ने परीक्षा दी थी। बोर्ड की ओर से जारी परिणाम में 36763 बालक व 36619 बालिकाएं पास हुईं। वहीं, इंटरमीडिएट में 93961 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं।
इसमें 48067 बालक व 45894 बालिका पंजीकृत थे। इसमे से 43796 बालक व 43711 बालिकाओं ने परीक्षा दी थी। इसमें से कुल 64948 छात्र-छात्राएं पास हुए। इसमें 29491 बालक व 35457 बालिकाएं शामिल हैं। छात्र-छात्राएं अंकपत्र का इंतजार कर रहे थे।
अब उनका इंतजार खत्म हो गया है और वे अपने विद्यालय से अंकपत्र प्राप्त कर सकते हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के अंकपत्रों को मंडल कार्यालय के माध्यम से जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय को उपलब्ध करा दिया है। डीआईओएस उपेंद्र कुमार ने बताया कि अंकपत्र सभी विद्यालयों में भेजे जा रहे हैं। प्रधानाचार्यों को एक सप्ताह में सभी अंकपत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं, ताकि विद्यार्थियों को समय से मिल सकें और उन्हें स्नातक में प्रवेश लेने में किसी भी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।