शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र में प्रतिबंधित पालिथन कैरी बैग को जब्त करते ईओ नपा मनोज कुमार।संवाद
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। एक जुलाई से पूरे देश में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रतिबंध लगाए लगभग एक पखवारा होने को है लेकिन अभी भी धड़ल्ले से पॉलीथिन का इस्तेमाल जारी है। प्रशासन भले ही छापेमारी कर बरामदगी के साथ जुर्माना लगा रहा हो, लेकिन ठेले-खोमचे वालों के साथ ही सब्जी व किराना की दुकानों पर पालिथीन इस्तेमाल रुका नहीं है। प्लास्टिक कचड़े से प्रदूषण फैल रहा है। वर्तमान में इसका काफी दुष्प्रभाव मानव जीवन पर पड़ रहा है। जिसके देखते हुए इसे बैन करने की कवायद कई सालों से चल रही है। दो से तीन साल पूर्व कोर्ट के आदेश पर 50 माइक्रान तक के प्लास्टिक के प्रयोग पर प्रतिबंध लगाया गया था लेकिन कुछ दिनों के बाद यह प्रतिबंध पूरी तरह से निष्प्रभावी हो गया। अब एक जुलाई से केंद्र सरकार ने एक साथ पूरे देश में सिंगल यूज प्लास्टिक (100 माइक्रान) के प्रयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है। प्रतिबंध के तहत इसके निर्माण व उपयोग दोनों ही पर रोक लगा दी गई है। इसके बाद भी इसका इस्तेमाल रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कहीं खुले आम तो कहीं चोरी-छिपे इसे प्रयोग किया जा रहा है। आम जनता भी केंद्र सरकार के दिशा निर्देशों का पालन नहीं कर रही है। नगर पालिका परिषद आजमगढ़ ने बुधवार से शहर में पॉलीथिन का प्रयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की कवायद शुरू कर दिया। जहां बुधवार को नपा की टीम ने सिविल लाइंस से लेकर सिधारी क्षेत्र में छापेमारी अभियान चला कर 10 किग्रा पॉलीथिन बरामद की तो वहीं छह हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। जबकि बृहस्पतिवार को भी टीम ने बड़ादेव से मुख्य चौक क्षेत्र में अभियान चला कर 13.5 किग्रा पॉलीथिन बरामद की और आठ हजार रुपये जुर्माना लगाया। ईओ नगर पालिका मनोज कुमार ने बताया कि दो दिनों में कुल 23.5 किग्रा पॉलीथिन जब्त की गई और कुल 14 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है। यह अभियान लगातार चलता रहेगा। इसके साथ ही आम जनता को नपा की टीम झोला लेकर चलने के लिए जागरूक भी कर रही है।
हर के सिधारी क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के थैले में सामान लेते लोग ।संवाद।-प्लान खबर की फोटो- फोटो : AZAMGARH