निर्माणाधीन अमृत सरोवर का निरीक्षण करते डीएम विशाल भारद्वाज।संवाद
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने विकास खंड पल्हनी के ग्राम पंचायत चंडेश्वर, विकास खंड जहानागंज के ग्राम पंचायत करउत एवं शाहपुर में निर्माणाधीन अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर लापरवाही देखने को मिली। करउत गांव में कार्य स्थल पर भुगतान की गई धनराशि के सापेक्ष कार्य की मात्रा संतोषजनक नहीं मिलने पर डीएम ने इसके लिए उत्तरदायी टीए (तकनीकी सहायक) एवं ग्राम सचिव के विरूद्ध निलंबन के निर्देश दिए। साथ ही कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। ग्राम पंचायत चंडेश्वर में निरीक्षण के दौरान मौके पर कार्य में लगाए गए 19 मजदूरों में से मात्र सात मजदूर उपस्थित मिले। इसी के साथ ही मौके पर पत्रावली में कार्य की फोटोग्राफ न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए विकास खंड अधिकारी को निर्देश दिया कि तालाब की पैमाइश कराते हुए एवं पूरे रकबे को सम्मिलित करते हुए कार्य कराए जाए।
विकास खंड जहानागंज के ग्राम पंचायत करउत में निर्माणाधीन अमृत सरोवर के निरीक्षण के दौरान कुल 51 मजदूर उपस्थित दिखाए गए। कोई भी मजदूर कार्य स्थल पर उपस्थित नहीं मिला और मजदूरों की कार्य करते हुए फोटोग्राफ भी ग्राम सचिव नहीं दिखा सके। ग्राम पंचायत शाहपुर में अमृत सरोवर का निर्माण कार्य संतोषजनक मिला। जिलाधिकारी ने मौके पर खंड विकास अधिकारी को इनलेट, बेंच, पाथवे का कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा तालाब पर पूर्व में बने हुए सामुदायिक भवन की मरम्मत कराने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्रम रोजगार मिथिलेश कुमार तिवारी, खंड विकास अधिकारी पल्हनी निलिमा गुप्ता, टीए अशोक त्रिपाठी, ग्राम रोजगार सेवक संजय, खंड विकास अधिकारी जहानागंज विजय कुमार शुक्ला, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी संदीप कुमार शिवा, ग्राम सचिव अनिल कुमार पटेल तथा टीए अरूण सिंह एवं अनिल कुमार सिंह उपस्थित रहे।