मध्य प्रदेश के राज्यपाल राम नरेश यादव के पुत्र शैलेश यादव (50) का लखनऊ में स्थित एक अस्पताल में निधन हो गया। शैलेश यादव तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके फूलपुर तहसील क्षेत्र के आंधीपुर स्थित आवास पर शोक संवेदना प्रकट करने वालों का तांता लगा रहा है।
बताते चले कि राज्यपाल राम नरेश यादव और उनके पुत्र शैलेश यादव व्यापमं घोटाले में आरोपित हैं। आरोपित होने के बाद से ही शैलेश तनाव में थे। बीती रात उनका लखनऊ में इलाज के दौरान निधन हो गया। पुत्र की मौत की सूचना पर राज्यपाल रामनरेश यादव की भी हालत गंभीर हो गई। उन्हें भी आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा।
उधर, शैलेश यादव के निधन की सूचना पर आंधीपुर स्थित उनके घर पर सन्नाटा छाया रहा। इसकी सूचना पर राज्यपाल रामनरेश के छोटे भाई डा. सुरेश यादव पूरे परिवार के साथ लखनऊ में अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रवाना हो गए।
इस क्रम में जनता इंटर कालेज अंबारी में शोकसभा का आयोजन लालचंद यादव की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रख मृतक की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। इस मौके पर राम आसरे यादव, राम अचल विश्वकर्मा, आशुतोष विक्रम, परशुराम यादव, अमरेंद्र यादव, शहनवाज, शीतला प्रसाद, विजय पाल, अरूण कुमार पांडेय, दिलीप चंद, राम नारायन यादव आदि उपस्थित थे।