आजमगढ़। पारिवारिक कलह से परेशान सीएंडडीएस के लिपिक प्रशांत कुमार पांडेय (52) ने बुधवार दिन में एक बजे प्लेटफार्म पर पहुंच रही ताप्ती गंगा एक्सप्रेस से कटकर जान दे दी। उनके पास मिले मोबाइल के नंबरों पर काल कर उनकी पहचान की गई और सूचना परिजनों को दी गई। आरपीएफ ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीएंडडीएस (कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज) के लिपिक प्रशांत कुमार पांडेय बुधवार को कार से आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचे व स्टेशन मास्टर आफिस के पास खड़े हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दिन में एक बजे छपरा से सूरत जा रही ताप्ती गंगा एक्सप्रेस ट्रेन मऊ की ओर से प्लेटफार्म पर आ रही थी कि अचानक वह रेल पटरी पर लेट गए। लोग उन्हें बचाने के लिए कुछ करते उससे पहले ही ट्रेन की चपेट में आकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इससे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। आरपीएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। शव के पास से मिले मोबाइल में मिले नंबरों पर कॉल कर मृतक की शिनाख्त की गई। बताया गया लखनऊ जिले के पीजीआई थाना अंतर्गत वृंदावन कॉलोनी के मूल निवासी प्रशांत वर्तमान में शहर कोतवाली के रैदोपुर मुहल्ले में पत्नी व दो बच्चों के साथ रहते थे। वह सीएंडडीएस में लिपिक पद पर तैनात थे। जीआरपी के एसआई शिवकुमार ने बताया कि शिनाख्त के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। घटना का कारण पारिवारिक कलह बताया जा रहा है।