एडेड जूनियर हाईस्कूलों में नियम विरुद्ध हुई नियुक्ति प्रकरण में तत्कालीन बीएसए, पटल सहायक के बाद अब तत्कालीन खंड शिक्षाधिकारी बिलरियागंज पर भी गाज गिर गई है। अपर शिक्षा निदेशक बेसिक कुमारी गायत्री ने को निलंबित कर दिया। महेंद्र प्रसाद वर्तमान में एसडीआई फूलपुर के पद पर तैनात थे। निलंबन की अवधि में उन्हें एडी बेसिक कार्यालय से संबंद्ध किया गया है।
अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों में लगभग डेढ़ साल पूर्व 20 प्रधानाध्यापकों व 65 अध्यापकों व सहायक अध्यापकों की नियुक्ति हुई थी। इस नियुक्ति में अनियमितता की शिकायत मंडलायुक्त से हुई थी। जिस पर मंडलायुक्त ने कमेटी गठित कर इसकी जांच कराई।
जांच में अनियमितता की पुष्टि हुई तो तत्कालीन मंडलायुक्त कनक त्रिपाठी ने तत्कालीन बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय, पटल सहायक संजीव कुमार को निलंबित करने की संस्तुति कर दिया। वहीं संबंधित अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के प्रबंधकों के खिलाफ एफआईआर का निर्देश किया।
इसके साथ ही उन्होंने तत्काली एसडीआई बिलरियागंज महेंद्र प्रसाद जो वर्तमान में एसडीआई फूलपुर के पद पर तैनात है से भी स्पष्टीकरण तलब किया था। कार्रवाई से मंडलायुक्त ने शासन को अवगत करा दिया था। मंडलायुक्त की संस्तुति पर तत्कालीन बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय के साथ ही पटल सहायक संजीव कुमार का शासन ने निलंबित कर दिया।
इसके साथ ही तत्कालीन खंड शिक्षाधिकारी बिलरियागंज के बाबत जांच आख्या एडी बेसिक से तलब की गई। एडी बेसिक ने अपनी जांच आख्या 9 जून को निदेशालय को प्रेषित कर दिया। जिसमें तत्कालीन खंड शिक्षाधिकारी बिलरियागंज पर भी आरोप पुष्ट हुए। जिसक आधार पर अपर शिक्षा निदेशक बेसिक कुमारी गायत्री ने गुरुवार को उनके निलंबन का आदेश जारी करते हुए उन्हें एडी बेसिक कार्यालय से संबंद्ध कर दिया। इतना ही नहीं प्रकरण की जांच के लिए एडी बेसिक अयोध्या को जांच अधिकारी नामित कर दिया।