बरदह। तहसील मार्टीनगंज के दुबरा बाजार में बृहस्पतिवार को सड़क की पटरी पर रखी मिट्टी को हटाने पहुंची तीन विभागों की टीम को विरोध के बाद लौटना पड़ा। मामला मार्टीनगंज- बरदह- बूढ़नपुर मार्ग पर स्थित दुबरा बाजार का है। यहां पर एक व्यक्ति द्वारा सड़क पटरी पर मिट्टी रख कर अतिक्रमण किया गया है।
विभाग के बार - बार कहने के बाद भी जब मिट्टी नहीं हटाई गई तो बृहस्पतिवार को पीडब्ल्यूडी के जेई मनोज कुमार, बरदह पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मिट्टी हटाने मौके पर पहुंची। मिट्टी हटाने से पहले ही अतिक्रमण करने वाले के परिजन विरोध करने लगे। अतिक्रमणकारी और विभाग के कर्मचारियों के साथ देर तक कहासुनी हुई। इसके बाद सभी कर्मचारी वहां से वापस चले गए।
लेखपाल वैभव आनंद सिंह ने बताया कि इलाके की निरीक्षण टीम लगातार प्रयास करती रही, लेकिन वहां की स्थिति को देखते हुए पुनः कार्रवाई करने की आवश्यकता है। एसडीएम मार्टीनगंज दिव्या सिकरवार ने बताया कि उन्हें दुबरा बाजार के मामले की सूचना मिली है। जल्द भारी पुलिस बल के साथ राजस्व टीम का गठन कर मिट्टी को हटवाया जाएगा।