आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के प्रथम रोवर/रेंजर लीडर बेसिक कोर्स के तहत शुक्रवार को प्रतिभागियों ने शहर के ऐतिहासिक शिब्ली एकेडमी का भ्रमण किया।
इस दौरान प्रतिभागियों ने ऐतिहासिक पुस्तकों और दस्तावेजों का अवलोकन किया और लाइब्रेरियन सलीम से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। छात्रों और शिक्षकों ने कहा कि अपने ही जनपद में इतनी समृद्ध और विशाल लाइब्रेरी देखना अविश्वसनीय अनुभव है। पुस्तक प्रेमियों के लिए यह किसी तीर्थ स्थल से कम नहीं।
कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार की रात शिब्ली कॉलेज परिसर में कैंप फायर का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता डॉ. अवनीश अस्थाना ने की। मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि यह कोर्स भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश तथा जिला संस्था, महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। 24 से 30 सितम्बर तक चलने वाले इस सात दिवसीय पूर्णतः आवासीय प्रशिक्षण शिविर में आजमगढ़ और मऊ जनपद के शिक्षक व शिक्षिकाएं भाग ले रहे हैं। प्राचार्य डा. अफसर अली ने कहा कि यह हमारे महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है कि विश्वविद्यालय का पहला बेसिक कोर्स हमारे परिसर में आयोजित हो रहा है।