मुबारकपुर। सठियांव विकासखंड की ग्राम पंचायत गजहड़ा में मंगलवार को दो चकरोड और एक बाहा की खोदाई कार्य का तीन सदस्यीय टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने मौके कार्यों की स्थिति देखी और ग्रामीणों से पूछताछ कर हकीकत जानी।
अमर उजाला के 22 सितंबर के अंक में ‘ एक-एक ग्राम पंचायत में 23-24 लाख तक हो गए भुगतान ’ शीर्षक से प्रकाशित खबर के बाद जांच टीम के गांव पहुंचने को लेकर चर्चा रही। खंड विकास अधिकारी सठियांव हरिमोहन सिंह के नेतृत्व में टीम ने पिचरोड से रमेश के खेत तक बाहा खुदाई, चंद्रशेखर के खेत से खड़ंजा तक चकरोड पर मिट्टी कार्य और वहीद के घर से मुख्य मार्ग तक कराए मिट्टी कार्य का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद मजदूर मुखराम, विश्वविजयी यादव, विशाल यादव, मंजीत, सूर्यभान, विंध्याचल, रामकिशुन, सविता, अमित, सलमान, जावेद, विद्या और एजाज अहमद समेत अन्य ग्रामीणों ने अपनी बात रखी। इस दौरान ग्रामीणों ने सफाईकर्मियों के गांव में नियमित सफाई के लिए नहीं आने की शिकायत भी की। इस पर बीडीओ ने शिकायत की जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। जांच टीम में बीडीओ हरिमोहन सिंह, एपीओ निर्भय राय और तकनीकी सहायक आरएन लाल शामिल रहे।