25 छापामारी के बाद बाहर निकलती जीएसटी टीम। संवाद
आजमगढ़। नगर के अग्रसेन तिराहा स्थित डायमंड स्टूडियो पर सोमवार को जीएसटी टीम ने छापा मारा था। देर रात तक यह कार्रवाई चलती रही। देर रात खत्म हुई कार्रवाई में टीम ने एक करोड़ की हेराफेरी पकड़ी। टीम ने मौके पर ही बिल बाउचर न मिलने पर 45 लाख रुपये के माल को सीज किया और 10 लाख रुपये मौके जमा कराते हुए कुछ अभिलेख भी अपने साथ ले गई।
बताते चलें कि नगर कोतवाली क्षेत्र के अग्रसेन चौराहा स्थित डायमंड स्टूडियो नामक कंप्यूटर और कंप्यूटर पार्ट्स की दुकान पर जीएसटी टीम सोमवार की दोपहर धमक गई। टीम ने दुकान पर पहुंचते ही वहां मौजूद ग्राहकों को बाहर निकाल दिया। इसके बाद टीम के सदस्यों ने दुकानदार से जीएसटी से संबंधित अभिलेख लिए और उनका मिलान शुरू कर दिया। ज्वाइंट कमिश्नर नीलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में देर रात तक यह कार्रवाई चलती रही। देर रात लगभग 10 बजे टीम ने जांच की कार्रवाई पूरी की।
टीम में शामिल डिप्टी कमिश्नर मैनेजर चौरसिया ने बताया कि जांच में एक करोड़ के माल की बिक्री के बाद भी दुकानदार की ओर से टैक्स जमा नहीं किया गया। वहीं दुकान में पकड़े गए 45 लाख के माल का दुकानदार कोई बिल बाउचर प्रस्तुत नहीं करने पर माल को सील कर दिया गया।
दुकानदार ने 10 लाख रुपये मौके पर ही जमा किए। टैक्स की बाकी रकम को आगे जमा करेगा। दुकान में मौजूद बिल और स्टॉक में भारी अंतर पाया गया है। कुछ पेपर को भी सील किया गया है। जब यह उसका हिसाब देंगे तो इन्हें रिलीज किया जाएगा।