विद्युत उपकेंद्र बरईपुर को चालू कराने की मांग को लेकर गद्दोपुर उपकेंद्र पर पांच दिनों से चल रहा ग्रामीणों का धरना बृहस्पतिवार को समाप्त हो गया। धरना स्थल पर पहुंचे अवर अभियंता ने 20 दिनों में बरईपुर उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया।
धरने का नेतृत्व कर रहे कांग्रेसी नेता अनिल नारायण सिंह ने बताया कि अवर अभियंता छोटे लाल यादव दोपहर दो बजे धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया है कि बरईपुर विद्युत उपकेंद्र के टेस्टिंग का काम चालू है जो 10 से 15 दिनों में पूरा हो जाएगा। विद्युत उपकेंद्र बरईपुर से 20 दिनों में सप्लाई चालू कर दी जाएगी। इसी आश्वासन पर यह धरना समाप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी उपकेंद्र चालू नहीं होता है तो पुन: आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। इस अवसर पर अभय राज यादव, रमेश यादव, प्रवेश कुमार सिंह, आदर्श, देवेंद्र सिंह, जमशेद, किफायत उल्ला, अरविंद कुमार सहित आदि ग्रामीण मौजूद रहे।