जनपद के किसानों की समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मौसम की मार ने किसानों का हाल बेहाल कर दिया है। अभी पिछले दिनों हुई बारिश से किसान उबर भी नहीं पाए थे कि शुक्रवार की शाम जनपद के कई क्षेत्रों में तेज हवा के साथ हुई बारिश और पड़े ओले ने किसानों के रहे सहे अरमानों पर भी पानी फेर दिया।
कई दिनों से मौसम साफ होने के कारण किसान जल्दी-जल्दी अपनी फसलों की मड़ाई करने में मशगूल थे। तभी शुक्रवार की शाम अचानक मौसम ने करवट बदली और तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई और ओले भी पड़े। बहुत से किसान जो मड़ाई कर चुके थे, उनके भूसे अभी खलिहान में थे वह पूरी तरह से भीग गए। ऐसे में किसानों की समझ में नहीं आ रहा है कि वह अब क्या करें। कटानी बाजार संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र में लगभग आधे घंटे तक जोरदार बारिश हुई और ओले भी पड़े। मेहनाजपुर संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र के लगभग एक किमी क्षेत्र में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई और ओला पड़ा।
बारिश के कारण क्षेत्र की सड़कें और खलिहान पूरी तरह से पानी से लबालब हो गए। तेज हवा के कारण क्षेत्र के लोगों के छप्पर तक उड़ गए। वहीं, बेला गांव निवासी बेचू राजभर के पोल्ट्रीफार्म का छप्पर गिर गया, जिसके कारण दो दर्जन से अधिक मुर्गियां मर गईं। बहुत सी मुर्गियां भाग गईं।
गोरिया बाजार संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र के पहलवानपुर, गौरीनरायनपुर, भैसौंड़ा, श्रीनगर, गुलऊर आदि जगहों पर लगभग आधे घंटे तक तेज हवा के साथ बारिश और ओले पड़े। मालटारी संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र में जोरदार बारिश से मड़ाई के लिए रखी फसल गिली हो गई। आधे घंटे हुई झमाझम बारिश से खेतों में भी पानी भर गया। अंबारी संवाददाता के अनुसार, फूलपुर तहसील क्षेत्र के अंबारी, माहुल, गोधना, मैगना, बिलारमउ, खांजनहापुर, पलिया, हुब्बीगंज, दीदारगंज, कुशलगांव, पुष्पनगर, पल्थी, भेडिया, मार्टीनगंज आदि क्षेत्रों में आंधी के साथ हुई बूंदाबांदी से किसानों की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई। विपरीत मौसम में भी किसान अपने गेहूं की मड़ाई करते हुए नजर आए। बार-बार प्रकृति के कुपित होने से किसानों की मुसीबत बढ़ती जा रही है।