खुरासो रोड रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की सुबह मुंबई की ओर जाने वाली साप्ताहिक ट्रेन लोकमान्य तिलक एक्स. की जनरल बोगी का दरवाजा न खुलने से नाराज यात्रियों ने ट्रेन पर पत्थर फेंककर कई खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। प्लेटफार्म पर जमकर हंगामा मचाया। इस दौरान 11 यात्री टिकट भी वापस कर दिए। अन्य लोग दूसरी ट्रेन से रवाना हुए। स्टेशन मास्टर ने इस मामले की आरपीएफ को जांच सौंपी है।
बता दें कि मुंबई जाने के लिए सप्ताह में एक दिन शुक्रवार को आजमगढ़ से लोकमान्य तिलक टर्मिनल कुर्ला के लिए ट्रेन चलती है। यह गाड़ी खुरासो रोड रेलवे स्टेशन पर सुबह पहुंचती है। शुक्रवार सुबह यह ट्रेन निर्धारित समय से करीब 45 मिनट देर से चलकर 6.53 बजे स्टेशन पर पहुंची।
यहां पहुंचने पर जनरल बोगी में यात्रा करने वालों की तादात ज्यादा थी। यात्री बोगी में चढ़ने के लिए दरवाजा खुलवाने लगे लेकिन उसमें पहले से ही बैठे लोगों ने दरवाजा नहीं खोला और ट्रेन चलने लगी। ट्रेन के डिब्बे में बैठे लोगों के इस बर्ताव से नाराज होकर यात्री ट्रेन पर पथराव करने लगे। इसमें चार खिड़कियों के शीशे टूट गए। ट्रेन के जाने के बाद यात्री प्लेटफार्म पर हंगामा करने लगे।
सहायक स्टेशन मास्टर उमेश कुमार ने बताया कि कोई यात्री शरारत के चलते भीतर से गेट बंद कर दिया था। इसकी वजह से यह दुर्व्यवस्था हुई। लंबी दूरी जाने वाले 11 यात्रियों का टिकट वापस कर दिया गया। जबकि अन्य लोग दूसरी ट्रेनों से गंतव्य के लिए रवाना हो गए। इस पूरे घटना की जांच आरपीएफ को सौंपी गई है।