फरिहा। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा चौक के समीप अस्पताल से दवाई लेने जा रही महिला को दो युवकों ने ठगी का शिकार बना लिया। युवकों ने महिलाओं को दो लाख रुपये देने का झांसा देते हुए उसके कान के कनफूल और गले की लॉकेट लेकर फरार हो गए।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के वासी बघौरा इनामपुर गांव निवासी मंती पत्नी भृगू दोपहर के समय दवा लेने फरिहा चौक पर आ रही थी। फरिहा चौक पर आजमगढ़ रोड पर पैदल जा रहे दो युवक महिला को अपने बहकावे में ले लिए। उसे मुहम्मदपुर रोड पर नहर किनारे ले गए। जहां दोनों युवकों ने महिला से कहा कि हमारे पास दो लाख रुपये हैं। इसको ले लो और अपने कान का कनफूल और गले की लाॅकेट हमें दे दो। महिला ने दो लाख रुपये की बात सुनकर उचक्कों के बहकावे में आकर अपने जेवरात को दे दिया। उचक्कों ने महिला से कहा कि ये रुपये घर ले जाकर देखना। महिला ने अपने जेवरात देकर उचक्कों द्वारा दिए गए दो लाख रुपये लेकर घर आ गई। जब घर आकर रुपये भरी पोटली खोली तो उसमें सब रुपये की साइज की कागज भरा मिला। महिला यह देखकर चिल्लाने लगी और बेहोश हो गई। महिला ने बताया कि उसके जेवर की कीमत करीब 20 हजार रुपये है। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी कैमरे की जांच पड़ताल करनी शुरू कर दी। इस संबंध में थाना अध्यक्ष सच्चिदानंद यादव ने बताया कि महिला के साथ उचक्कागिरी हुई है। पुलिस जांच पड़ताल कर रहीं। अभी तक महिला द्वारा किसी प्रकार की तहरीर थाने पर नहीं दी गई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज करके कार्यवाही की जाएगी।