मेजवां। दिल्ली के यमुना पुल के पास रेलवे ट्रैक पर बाढ़ का पानी चढ़ जाने के चलते शुक्रवार को कैफियत एक्सप्रेस (12226 डाउन) का रूट डायवर्ट कर दिया गया। नतीजतन, शाहगंज होते हुए आजमगढ़ पहुंचने वाली यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से एक घंटा विलंब से आजमगढ़ पहुंची। ट्रेन के लेट होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कैफियत एक्सप्रेस के आजमगढ़ पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 10:55 बजे है, लेकिन रूट परिवर्तन के कारण यह ट्रेन लगभग 11:55 बजे स्टेशन पर पहुंची। यात्रियों को स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ा, जिससे कई लोगों के निजी और व्यावसायिक कार्यक्रम प्रभावित हुए।
हालांकि, आजमगढ़ से दिल्ली के लिए रवाना होने वाली कैफियत अप एक्सप्रेस (12225) केवल छह मिनट की देरी से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई। रेलवे सूत्रों के अनुसार, दिल्ली के यमुना पुल के पास ट्रैक पर बाढ़ का पानी आने के कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने कई ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित कर दिए हैं। इसी वजह से कैफियत एक्सप्रेस को भी वैकल्पिक मार्ग से चलाया गया, जिससे समय में देरी हुई।