जिले में तहसील सदर के चंडेश्वर-कम्हरिया मार्ग पर स्थित ग्राम असपालपुर आजमबांध में 3038.33 लाख से बनने वाले आजमगढ़ राज्य विश्वविद्यालय की प्रक्रिया में तेजी आ गई है। गाजीपुर-आजमगढ़ (एसएच-67) मार्ग के किमी-60 से महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय असपालपुर आजमगढ़ को चार लेन मार्ग से जोड़ने के प्रस्ताव को मंत्री परिषद की मंजूरी मिल गई है। सड़क की लंबाई करीब 2.40 किमी है। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने बताया कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को उनके सरकारी आवास 5-कालिदास मार्ग संपन्न हुई। कैबिनेट की बैठक में उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद भी शामिल हुए। कैबिनेट की बैठक में आजमगढ़ में गाजीपुर-आजमगढ़ (एसएच-67) मार्ग के किमी-60 से महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय असपालपुर-आजमगढ़ को फोर लेन मार्ग से जोड़ने के लिए (लंबाई 2.40 किमी, जिसकी लागत 3038.33 लाख रुपये) के प्रस्ताव पर मंत्री परिषद द्वारा अनुमोदन प्रदान किया गया है। लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि इस मार्ग का निर्माण हो जाने से राज्य विश्वविद्यालय का सीधा संपर्क राज्य राजमार्ग 67 से हो जाएगा। राष्ट्रीय महत्व के इस विश्वविद्यालय के पहुंच मार्ग से आजमगढ़ के साथ-साथ अन्य जनपदों के छात्र-छात्राओं, शिक्षक एवं सामान्य जनों को विश्वविद्यालय तक पहुंचने में सुविधा होगी। विश्वविद्यालय की बसों आदि का सुगमता पूर्वक संचालन हो सकेगा।