आजमगढ़। यूपी बोर्ड परीक्षा की कड़ी निगरानी किए जाने के दावे में बृहस्स्पतिवार को सेंध लगती दिखी। दरअसल, एसटीएफ वाराणसी व गंभीरपुर थाने की पुलिस टीम ने पं. कामता प्रसाद इंटर कॉलेज मुड़हर ठेकमा के बाहर कॉपियां लिखते चार सॉल्वर को पकड़ा। साथ ही प्रधानाचार्य व जन सेवा केंद्र संचालक को भी गिरफ्तार किया। वहीं जांच में सामने आया कि जन सेवा केंद्र संचालक ने ही छात्रों के प्रवेश पत्र में एडिट कर असली छात्रों के स्थान पर सॉल्वर की फोटो लगाकर परीक्षा दिलाई जा रही थी।
यूपी बोर्ड परीक्षा की निगरानी एसटीएफ, एलआईयू से लगायत अन्य एजेंसियां कर रही है। बोर्ड परीक्षा को सकुशल कराने में प्रशासन भी जुड़ा हुआ है। इसके बाद भी नकल माफिया परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने का प्रयास कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को पंडित कामता प्रसाद इंटर कॉलेज मुड़हर ठेकमा के बाहर हुई कार्रवाई इसका प्रमाण है। टीम ने आरोपियों के पास से जो प्रवेश पत्र बरामद किए जांच में वह फर्जी पाए गए। जांच में पता चला कि जन सेवा केंद्र संचालक धर्मलेश सरोज ने ही प्रवेश पत्र एडिट कर फोटो बदली गई थी। पुलिस टीम मामले की जांच पड़ताल कर रही है। उम्मीद है कि अभी कई और नाम सामने आएंगे।
जिले में पहले भी कई परीक्षाओं में सेंध लगाने का मामला आया था सामने
जिले में हाईस्कूल की परीक्षा के अलावा टीईटी, डीएलएड व यूपी पुलिस समेत अन्य कई परीक्षाओं में सेंध लगाने का मामला सामने आ चुके हैं। उक्त मामलों में पुलिस को कई बड़ी कामयाबी भी मिली। चाहे वह शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की हो या फिर डीएलएड की। उक्त मामलों में कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई भी हो चुकी है।
केस-1
टीईटी में सेंध लगाने की कोशिश हुई थी नाकाम, पकड़े गए थे 22 लोग
जनवरी 2022 में आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की सुचिता भंग करने के मामले में पुलिस ने परीक्षा की शुचिता भंग करने के आरोप में 22 लोगों को गिरफ्तार किया था। वहीं आठ लोग फरार चल रहे थे। इनमें कॉलेज प्रबंधक और अध्यापक भी शामिल थे। इसके साथ ही कुल 51.20 लाख रुपये नकद और चेक बरामद भी हुआ है। बरामद पैसा नकल कराने के नाम पर परीक्षार्थियों से वसूला गया है।
केस-2
डीएलएड परीक्षा में नकल कराते प्रधानाचार्य समेत 12 लोग हुए थे गिरफ्तार
जनपद में अगस्त 2024 में डीएलएड परीक्षा में नकल कराने का मामला सामने आया था। सीओ सिटी, एसओजी की टीम ने रानी की सराय के सेठवल स्थित राजेंद्र स्मारक इंटर कालेज में दबिश दी थी। जिला प्रशासन व डीआईओएस ने भी जांच कराई तो परीक्षा केंद्र पर प्रधानाचार्य समेत 12 लोग नकल कराते पकड़े गए थे। पुलिस ने परीक्षा केंद्र और पकड़े गए लोगों के ठिकाने से 18.10 लाख रुपये बरामद किए थे।