सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अजमतगढ़ स्थित एक मेरिज हॉल में सोमवार को मुस्लिम युवक और हिंदू युवती की सगाई की तैयारी के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर कुछ हिंदू संगठन के पदाधिकारी और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए तथा कार्यक्रम का विरोध शुरू कर दिया। बाद में पुलिस पहुंची और कार्यक्रम रुकवा दिया।
कोतवाली प्रभारी जीयनपुर ने बताया कि गाजियाबाद जिले के जेवर निवासी आसिफ की इंस्टाग्राम से जीयनपुर क्षेत्र की एक युवती से सात वर्ष पहले बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया और दोनों ने शादी करने का निर्णय लिया। सोमवार को युवक अपनी बहन और रिश्तेदारों के साथ चार पहिया वाहन से अजमतगढ़ स्थित मैरिज हॉल पहुंचा था। वहां सगाई की तैयारी चल रही थी और भोजन भी बन रहा था। इसी दौरान हिंदू संगठन के पदाधिकारी धृष्टद्युम्न प्रजापति को इसकी जानकारी हुई। उनके साथ अन्य लोग मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। माहौल बिगड़ता देख मौके पर मौजूद लोग तितर-बितर हो गए। सूचना मिलने पर जीयनपुर पुलिस भी पहुंच गई और कार्यक्रम रुकवा दिया। पुलिस युवक को अपने साथ ले जाकर पूछताछ में जुट गई। एसआई अजय यादव ने बताया कि दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत थी और दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन विरोध के चलते कार्यक्रम रोक दिया गया। कोतवाली प्रभारी दल प्रताप सिंह ने बताया कि युवक और युवती दोनों बालिग हैं और दोनों परिवार भी सगाई के लिए राजी थे।