मौके पर पहुंचे अग्निशमन दल के कर्मचारी कुछ भी नहीं कर सके। उधर, अपनी मेहनत की कमाई का यह हाल देख किसान परिवार के पास रोने के सिवा कोई चारा नहीं।
अहरौला के बनकट गांव के सिवान में संदिग्ध परिस्थिति में खेत में आग लग गई। इससे क्षेत्र के दीना यादव, मधुबन यादव, रामआसरे यादव, रामशिला यादव, रामकरन चौबे, अनुरुद्ध यादव, शिवपूजन यादव, पूरन यादव, रामशकल यादव, रामकिशुन यादव के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई।
लगभग 25 बीघा फसल जलकर राख हो गई। सूचना पर नायब तहसीलदार विराट पांडेय, लेखपाल ऋषिदेव गौड़ मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार ने बताया कि बगल के खेत में भूसा बना रही मशीन से निकली चिंगारी या फिर मजदूरों द्वारा किए जा रहे धूम्रपान से आग लगी होगी।
मेजवां ः फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में संदिग्ध हालात में गांव निवासी अखिलेश पांडेय पुत्र घनश्याम के खेत में आग लग गई। इससे लगभग एक बीघा गेहूं की फसल जल गई। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से मुआवजा की मांग की है।
लाटघाट संवाददाता के अनुसार, जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के तरौका गांव में दोपहर तीन बीघे गेहूं के खेत में आग लगने से फसल राख हो गई। इसमें चंद्रशेखर राय, सुरेश राम और महेश का 10-10 बिस्वा, झिलमिट पुत्र संतू का 30 बिस्वा गेहूं की फसल थी।
तहबरपुर संवाददाता के अनुसार, गजयपुर गांव निवासी सुबाषचंद राय पुत्र स्व. राम प्रताप राय के भूसा की कोठरी में शनिवार लपट से कच्चा मकान भी जल गया। इसमें 25 कुंतल भूसा जलकर राख हो। जिसमें 50 हजार रुपये का नुकसान होना बताया गया।