लालगंज तहसील परिसर और आसपास के क्षेत्रों में खराब मोबाइल नेटवर्क लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। स्थिति यह है कि फोन मिलाने के बाद आवाज साफ सुनाई नहीं देती और लोग बातचीत के बजाय बार-बार ‘हैलो-हैलो’ करते रह जाते हैं।
नेटवर्क की समस्या से सरकारी कामकाज से लेकर निजी कार्य तक प्रभावित हो रहे हैं। तहसील परिसर में अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और वादकारियों को मोबाइल पर जरूरी बातचीत करने में दिक्कत होती है।
ऑनलाइन काम और वाई-फाई सेवाएं भी प्रभावित रहती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जियो, एयरटेल, वोडाफोन और बीएसएनएल समेत विभिन्न कंपनियों के रिचार्ज कराने के बावजूद अपेक्षित नेटवर्क सुविधा नहीं मिल रही है।
अधिवक्ता समर बहादुर सिंह, बार एसोसिएशन अध्यक्ष नगेंद्र सिंह समेत अन्य लोगों ने कहा कि नेटवर्क की खराबी से उपभोक्ता परेशान हैं। एसडीएम नेहा मिश्रा ने बताया कि नेटवर्क की समस्या जटिल है। मोबाइल कंपनियों के अधिकारियों से वार्ता कर जल्द समाधान कराया जाएगा। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त टावर लगाने के लिए भी कंपनियों से कहा जाएगा।