आजमगढ़। जिले के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) में पढ़ने वाली उन छात्राओं को बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है, जिन्होंने अपने परिश्रम, प्रतिभा और लगन से समाज में विशेष स्थान बनाया है। अब ऐसी छात्राओं के नाम उनके विद्यालयों के डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित किए जाएंगे, ताकि अन्य छात्राओं को प्रेरणा मिल सके और बालिकाओं का आत्मबल भी बढ़े।
राज्य परियोजना कार्यालय (बेसिक) के निर्देश पर हर कस्तूरबा विद्यालय में डिस्प्ले बोर्ड तैयार किए जाएंगे, जिन पर उन बालिकाओं के नाम, अध्ययन अवधि और उनकी उपलब्धियों का विवरण अंकित रहेगा, जिन्होंने शिक्षा, खेल, कला, समाज सेवा या अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। यह बोर्ड हर वर्ष अपडेट किया जाएगा ताकि विद्यालय की दीवारें अपनी पूर्व छात्राओं की सफलता की कहानियां बयां करती रहें। एडी बेसिक मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि कस्तूरबा विद्यालयों की बालिकाएं राज्य की शक्ति और प्रेरणा का स्रोत हैं। उनकी उपलब्धियों को सम्मान देकर न केवल छात्राओं का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी मेहनत और आत्मविश्वास के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।