आजमगढ़। नगर पालिका परिषद आजमगढ़ के कर निर्धारण अधिकारी धर्मवीर सोनी को शासन ने निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच के लिए अपर आयुक्त (प्रशासन) आजमगढ़ मंडल को जांच अधिकारी नामित किया गया है। सीआरओ संजीव ओझा ने बताया कि पहाड़पुर मोहल्ले में नामांतरण प्रक्रिया के दौरान अधिशासी अधिकारी की टिप्पणी पर व्हाइटनर का प्रयोग करके कथित रूप से कूटरचित कार्रवाई करने, बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के अदेयता प्रमाण पत्र जारी करने तथा जन्म-मृत्यु पंजीकरण और लोक शिकायतों के निस्तारण संबंधी मामलों में अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर हस्ताक्षर करने का आरोप सभासद आनंद देव उपाध्याय और महेंद्र यादव ने लगाया है। डीएम ने उक्त आरोपों की जांच कराई तो आरोप सही पाए गए। डीएम ने 23 मार्च को शासन को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा था। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। इस अवधि में उनका संबद्धीकरण निदेशक, नगर निकाय निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के कार्यालय से किया गया है। जांच पूरी होने तक आगे की कार्रवाई नियमों के अनुसार की जाएगी। उक्त मामले की जांच के लिए अपर आयुक्त प्रशासन को जांच अधिकारी नामित किया गया है। संवाद