अहरौला। स्थानीय थाना क्षेत्र में मोबाइल छीनने वाले गिरोह का आतंक छा गया है। तीन दिनों में तीन स्थानों से बाइक सवार बदमाशों ने तीन लोगों के मोबाइल छीन कर फरार हो गए। तीनों पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी है। लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
मोबाइल छीनने वाले गिरोह के ये सदस्य दिन दहाड़े घटनाओं को अंजाम दे रहे है। 15 अक्टूबर को कक्षा छह का छात्र विराट सिंह पुत्र सत्यवान सिंह अपनी दुकान पर बैठ कर मोबाइल से ऑनलाइन पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान एक बाइक सवार दो युवक पहुंचे और मोबाइल छीन कर फरार हो गए। वहीं 16 अक्टूबर को करनपुर कुटी से लौट रहे एक युवक से उसकी मोबाइल छीन ली गई। 17 अक्टूबर को दिन में केदारपुर गांव के पास बरईपुर गांव निवासी शुभम पुत्र श्याम जी से मोबाइल छीन ली गई। तीनों प्रकरणों में पुलिस को तहरीर दी गई है लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। इस संबंध में सीओ महेंद्र नाथ शुक्ला का कहना है कि मोबाइल छीनने वाले गिरोह की धर पकड़ के लिए प्लान तैयार किया जा रहा है। जल्द ही इनकी गिरफ्तारी की जायेगी।