भाजपा कार्यालय में सरकार की उपलब्धियों को गिनाते प्रभारी मंत्री अनिल राजभर। श्रोत-जिला सूचना
आजमगढ़। केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश व प्रदेश का चहुंमुखी विकास हुआ है। सरकार की नीतियों का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, हर घर जल और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह जैसी योजनाओं को आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का मुख्य आधार बताया। अनिल राजभर ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे, मेडिकल कॉलेज, एयरपोर्ट और औद्योगिक विकास के माध्यम से देश की विकास यात्रा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। सरकार प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर समावेशी विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ, भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह और विनोद राजभर सहित कई जनप्रतिनिधि व पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।